Published on September 5, 2026 1:19 pm by MaiBihar Media
सारण जिले के दिघवारा प्रखंड अंतर्गत माही नदी के दायाँ तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है। जिसके बाद जिलाधिकारी के आदेशानुसार युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी है। मालूम हो कि सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव ने भी क्षतिग्रस्त स्थल का स्वयं निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को मरम्मत कार्य में तेजी लाने तथा तटबंध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आपको बता दें कि नदी के दायाँ तटबंध जो लगभग 7.5 किलोमीटर लंबा है। पानी के अत्यधिक दबाव के कारण लीकेज की स्थिति उत्पन्न हुई। जिसके बाद करीब 12 मीटर हिस्से में तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता की निगरानी में युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। इतना ही नहीं जल संसाधन विभाग के संबंधित अभियंताओं द्वारा स्थल पर लगातार कैंप कर मरम्मत कार्य की निगरानी की जा रही है।
वही स्थिति का जायजा लेने पहुंचे जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न हो तथा स्थल पर पर्याप्त संसाधन एवं मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने तटबंध की स्थिति की लगातार निगरानी रखने एवं आवश्यकता के अनुरूप तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। बताते चले कि जिला प्रशासन द्वारा भी स्थिति पर सतत नजर रखते हुए संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के साथ लगातार समन्वय एवं समीक्षा की जा रही है।
