Published on January 1, 2022 12:33 pm by MaiBihar Media
समाजवादी इत्र बाने वाले कारोबारी के यहां छापेमारी के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा के नेता नफरत फैलाने वाले हैं। ये सौहार्द्र और सुगंध कैसे पसंद करेंगे? भाजपा ने कहा था कि नोटबंदी से कालाधन नहीं आएगा, फिर ये धन कहां से आ गया? ये लोग पुष्पराज को ढूढ़ने गए और अपने ही साथी पीयूष को पकड़ लिया। अब खीझ मिटाने के लिए समाजवादी इत्र बनाने वाले के यहां छापा मारा। जैसे-जैसे भाजपा हार के करीब पहुंचेगी ईडी, सीबीआई, आयकर आएंगे। बंगाल में भी यही हुआ था। आपकों बता दें कि उत्तर प्रदेश में कर चोरी की जांच कर रहा आयकर विभाग शुक्रवार को सपा एमएलसी पुष्पेंद्र जैन उर्फ पम्मी जैन के ठिकानों पर पहुंच गया। पिछले दिनों समाजवादी इत्र बनाकर चर्चा में आए पम्मी जैन के कन्नौज, कानपुर, एनसीआर, सूरत और मुंबई सहित करीब 40 ठिकानों आयकर विभाग की कार्रवाई शुरू हुई। विभाग ने इत्र कारोबार और इससे जुड़े अन्य व्यवसायों की कुछ कंपनियों को भी जांच के दायरे में लिया है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक मकान और मुंबई में एक दर्जन से ज्यादा परिसरों पर आयकर विभाग की टीम पड़ताल कर रही है। देर शाम तक छापे को लेकर कोई जानकारी नहीं दी। हालांकि समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट में दावा किया कि कन्नौज में उसके एमएलसी पम्पी जैन के परिसरों पर छापेमारी की गई है। सपा ने कहा, पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कन्नौज में संवाददाता सम्मेलन बुलाया था, इसलिए सरकार ने छापेमारी की है। यूपी में कर चोरी के मामले में एक हफ्ते के अंदर दूसरी बड़ी कार्रवाई है। जबकि इस महीने सपा से जुड़े चौथे बड़े नेता पर आयकर छापा पड़ा है। पिछले दिनों सपा प्रवक्ता राजीव राय सहित दो और पार्टी नेताओं के घर आयकर छापा पड़ा था। पिछले दिनों केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के तहत काम करने वाली माल एवं सेवा कर खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) ने कानपुर और कन्नौज में इत्र व्यापारी पीयूष जैन के ठिकानों पर छापा मारा था। इस दौरान 97 करोड़ रुपए से अधिक नकदी, 26 किलो सोना और भारी मात्रा में चंदन का तेल मिला था। बाद में पीयूष जैन की गिरफ्तारी भी हुई।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अयोध्या की जनसभा में इत्र व्यापारी के घर छापेमारी की ओर इशारा करते हुए कहा, अब ठेले भर-भर के नोटों की गड्डियां मिल रही हैं। समाजवादी इत्र की दुर्गंध पूरे उत्तर प्रदेश में फैल गई है। आज जब इत्र वाले मित्र के काले धन पर रेड पर रही है तो इनके पेट में उबाल हो रहा है। भाई अखिलेश आपको क्या तकलीफ है? वहीं, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा, क्या मुहूर्त निकालकर चोर पकड़ने जाएंगे? अखिलेश कह रहे हैं कि बरामद पैसा भाजपा का है, पर यह बात उनको कैसे मालूम, क्या वह पार्टनर हैं? क्या अखिलेश डर गए हैं या कार्रवाई से हिल गए हैं?
