Published on January 1, 2022 11:37 am by MaiBihar Media
राज्य में बढ़ते ओमिक्रॉन को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जांच के लिए राज्य में तुरंत इंतजाम करें, ताकि मरीजों तेजी से पता चले और ससमय मरीजों का इलाज किया जा सके। कोरोना को लेकर राज्य के सभी अस्पतालों में तैयारियाें को पुख्ता रखें ताकि किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। सब अलर्ट मोड में रहें। ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार की देर शाम स्वास्थ्य विभाग के साथ समीक्षा बैठक के दौरान कही। सीएम ने कहा कि कोरोना के मामले में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। इस पर पूरी नजर रखने की जरूरत है। ऑक्सीजन एवं दवा की पर्याप्त उपलब्धता के साथ टेक्नीशियन एवं पूरी मेडिकल टीम सतर्क मोड में रहे। सीएम ने कहा कि कोरोना के प्रति सभी लोगों को सजग एवं सचेत रखा जाए। ताकि इस महामारी से लोगों को बचाया जा सके। सीएम ने कहा कि अभी ओमिक्रोन का एक मामला सामने आया है। यही राज्य में ही जांच की व्यवस्था की जाएगी। हम सजग हैं। सारी तैयारियां की गई हैं। कोरोना के मामले काफी कम थे, 10 दिन पहले 50 से नीचे मामले थे। खासकर पटना और गया में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। बाहर से आने वाले लोगों और उनके संपर्क में आने के कारण कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। हमलोग लगातार जांच की संख्या बढ़ा रहे हैं। ऑनलाइन क्लास को लेकर भी हमलोग इसका आकलन करेंगे। यहां इतनी खराब स्थिति नहीं है। जल्द ही इसका आकलन कर निर्णय करेंगे। समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कोरोना के बढ़ते मामलों तथा उससे बचाव से जुड़ी तमाम जानकारियां दीं। उनके अनुसार सभी जिलों के लिए नोडल अफसर बनाये गये हैं, जो एक-एक चीज पर नजर रखेंगे। स्पीड पोस्ट के माध्यम से कोविड होम आइसोलेशन मेडिकल कीट लोगों के घर तक पहुंचाया जायेगा। इसमें होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के लिये दवा के उपयोग की विधि एवं प्रिकाॅशन के बारे में जानकारी भी लिखी रहेगी। टीकाकरण की रफ्तार और बढ़ रही है। आज तक 10 करोड़ कोरोना टीका का डोज दिया जा चुका है।
