Published on August 13, 2021 11:29 am by MaiBihar Media
कानपुर, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश स्थित कानपुर से इंसानियत को शर्मशार कर देने वाली घटना सामने आई है। इस बर्बरतापूर्ण घटना के बारे में बताया जा रहा है कि भीड़ ने 45 साल के एक व्यक्ति को बुरी तरह से पीटा है। साथ ही उसे जय श्रीराम बोलने के लिए कहा। बुधवार की इस घटना का एक मिनट का वीडियो भी सामने आया है। इस बाबत पुलिस ने गुरुवार को बताया कि शहर के बर्रा इलाके में कच्ची बस्ती की यह घटना है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि पीड़ित की बेटी रोते हुए वालिद (पिता) को बचाने की कोशिश कर रही है। बच्ची हमलावरों से दया की गुहार लगा रही है। बाद में कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उस व्यक्ति को जीप में ले गए। वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस हिरासत में उसे पीटा जा रहा है। पीड़ित ई-रिक्शा चलाता है।
कानपुर दक्षिण की पुलिस उपाधीक्षक रवीना त्यागी ने कहा, “पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’ पुलिस ने एफआईआर में किसी संगठन का उल्लेख नहीं किया है। पीड़ित व्यक्ति एक मुस्लिम परिवार का रिश्तेदार है। उसका कानपुर में हिंदू पड़ोसियों से विवाद चल रहा है। पुलिस ने कहा है कि जुलाई में दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया था।