Published on March 1, 2022 10:18 am by MaiBihar Media
बजट के पेश होने के बाद राज्य के कई नेताओं ने अपनी अपनी प्रतिक्रिया दी है। एनडीए ने इस बजट की जमकर सराहना की वहीं विपक्षियों ने इसे खोखला बताया। बिहार का बजट लोक कल्याणकारी है। वहीं इस बजट के पेश होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह आर्थिक विकास को गति देगा। यह विकासशील बजट है, जो विकास दर को और गति देगा। इससे रोजगार सृजन में काफी मदद मिलेगी। उन्होेंने कहा कि 2022-23 के बजट में राज्य के विकास योजना मद में 1,00,230.25 करोड़ रुपये एवं स्थापना और प्रतिबद्ध व्यय मद में 1,37,460.94 करोड़ रुपये का इंतजाम है। उन्होंने कहा कि छह सूत्र -स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग एवं उद्योग में निवेश, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, आधारभूत संरचना (ग्रामीण एवं शहरी) तथा विभिन्न वर्गों के कल्याण पर आधारित है, जो राज्य सरकार का लक्ष्य है। इस बजट में पूर्व से चली आ रही सात निश्चय 1 की योजनाओं को पूर्ण करने तथा सात निश्चय 2 की निर्धारित योजनाओं की स्वीकृति एवं क्रियान्वयन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए रुपये की व्यवस्था की गयी है। इस बजट के माध्यम से राज्य के सभी समुदाय एवं सभी वर्गों का विकास होगा।
शिक्षा विभाग के लिए 39,191.87 करोड़ प्रस्तावित
मुख्यमंत्री के अनुसार बजट में शिक्षा विभाग के लिए 39,191.87 करोड़, स्वास्थ्य के लिए 16,134.39 करोड़, ग्रामीण विकास के लिए 15,456.47 करोड़, गृह विभाग के लिए 14,372.76 करोड़ तथा ऊर्जा के लिए 11,475.97 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। कुल प्राप्ति 2,37,891.94 करोड़ अनुमानित है। 2022-23 का अनुमानित राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 7,45,310 करोड़ है और अनुमानित राजस्व बचत 4,747.84 करोड़ है। 2022-23 में पिछले वर्ष की तुलना में पूंजीगत व्यय 11 प्रतिशत अधिक है। इससे रोजगार सृजन में मदद मिलेगी और आधारभूत संरचनाओं का भी सृजन होगा।