Published on December 12, 2021 9:58 pm by MaiBihar Media
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर क्रैश मामले में बड़ी ख़बर सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुन्नूर पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी का फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। इस बाबत पुलिस ने रविवार को बताया कि जिस वक्त जनरल रावत का हेलीकॉप्टर नीलगिरि जिले के कट्टेरी क्षेत्र में अचानक बदले मौसम के कारण धुंध में फंसा था, उस वक्त का एक वीडियो घटना के बाद सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था। वायरल वीडियो को जिसने बनाया है। उसके बारे में जांच हुई तो इसे कोयंबटूर के फोटोग्राफर जो ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था। जो अपने दोस्त नजर और कुछ परिजनों के साथ 8 दिसंबर को क्रैश साइट के नजदीक ही मौजूद थे।
रिकॉर्ड्स करने वाले जो ने पुलिस को बताया कि जैसे ही उन्हें हेलीकॉप्टर के काफी नजदीक होने की तेज आवाज आई तो उन्होंने धुंध में फंसते हुए हेलिकॉप्टर का वीडियो रिकॉर्ड किया था। फिलहाल पुलिस ने जो का फोन कोयम्बटूर की फोरेंसिंग लैब जांच के लिए भेजा है। जनरल रावत की मौत की जांच में पुलिस हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश कर रही है।
इतना ही नहीं घटना के हरेक प्रत्यक्षदर्शी से सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शंका है कि जहां हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ, वहां घना जंगल है। खूंखार जानवर वहां रहते हैं और वो जगह आम लोगों के लिए प्रतिबंधित है। फिर जो और नजर इतने लोगों के साथ उस प्रतिबंधित जगह पर क्या कर रहे थे। इसलिए इसकी भी जांच की जा रही है।
