Published on July 26, 2023 2:13 pm by MaiBihar Media
बुधवार को मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ट्रांसफर पोस्टिंग में बहुत गड़बड़ी थी, इसलिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में तबादले को रद्द की गई। हर पार्टी का लोग शिकायत कर रहा था। ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर उन्होंने कहा कि हमलोगों ने हर विभाग को जून महीने में ट्रांसफर पोस्टिंग करने की छूट दे रखी है। लेकिन उसके लिए नियम है, तीन साल के कार्यकाल के बाद अधिकारियों का ट्रांसफर करना है।
नीतीश कुमार ने कहा, ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए पहले से प्रावधान तय है। लेकिन हमको हर पार्टी के लोगों ने शिकायत की थी। राजद के लोगों ने भी आकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बड़े पैमाने पर हुई ट्रांसफर पोस्टिंग की शिकायत की थी।शिकायत के बाद हमने जांच करायी तो गड़बड़ी सामने आयी। इसके बाद हमने विभाग को उसे रद्द करने को कहा। अब नये सिरे से ट्रांसफर पोस्टिंग की लिस्ट तैयार होगी। नीतीश कुमार जब आलोक कुमार मेहता की पोल खोल रहे थे बगल में तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।
बताते चलें की विभाग ने 30 जून की रात ताबड़तोड़ ट्रांसफर-पोस्टिंग के पांच आदेश जारी किये थे। इनमें 517 पदाधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की गयी थी। 30 पदाधिकारियों को अपने मूल कैडर में वापस भेजा गया था। बाकी 487 अधिकारियों को बिहार के अलग अलग अंचलों में पोस्टिंग की गयी थी। जिसे रद्द कर दिया गया था।