Published on August 13, 2021 10:06 pm by MaiBihar Media

कश्मीर

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व घाटी में आतंकी वारदातें बढ़ रही हैं। जम्मू-कश्मीर में बर्बतापूर्ण आतंकी हमला की खबर सामने आ रही है। राजौरी में भाजपा नेता के घर ग्रेनेड हमला किया गया। जिसमें तीन साल के बच्चे की शुक्रवार को मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने राजौरी के खानडली में भाजपा मंडल अध्यक्ष जसबीर सिंह के घर हमला किया था। हमले में जसबीर समेत परिवार के सात लोग घायल हुए। उन्हें देर रात अस्पताल ले जाया गया। इनमें जसबीर के भतीजे वीर की मौत हो गई। दूसरी ओर श्रीनगर में भी आतंकियों की नापाक हरकत देखी गई है। हालांकि इसमें किसी की हताहत होने की खबर नहीं है।

मिल रही जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात करीब पौने 10 बजे जसबीर का परिवार घर के आंगन में बैठा था। इसी दौरान आतंकियों ने छत से चढ़कर ग्रेनेड फेंका। इस दौरान एक जगह बैठा पूरा परिवार ग्रेनेड के चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हमले के बाद आतंकियों को पकड़ने के लिए पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया गया है। वहीं, भाजपा ने हमले की निंदा की है। पुलिस से जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और जसबीर के परिजनों ने विरोध-प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पर्याप्त सुरक्षा न होने से परिवार पर हमला हुआ। जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा, ‘हमारे पार्टी नेताओं पर आतंकी हमलों की साजिश पाकिस्तान रच रहा है।’

यह भी पढ़ें   कांग्रेस अध्यक्ष ने ईडी से और समय मांगा, आज होनी थी पेशी

वहीं, दूसरी ओर श्रीनगर में आतंकियों ने शुक्रवार को उत्तर कश्मीर में सोपोर के पास सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड हमला किया। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। इससे पहले गुरुवार को कुलगाम में आतंकियों ने सीमा सुरक्षा बल के काफिले पर हमला किया था। इसके बाद देर रात तक चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया था। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा, ‘मारे गए आतंकी की पहचान पाकिस्तान के उस्मान के रूप में हुई है। वह पिछले छह महीने से घाटी में सक्रिय था।’ बता दें कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के एक भाजपा नेता और उनकी पत्नी की मौत आंतकियों के नापाक हरकत से हुई थी। जिसके बाद लोगों में काफी आक्रोश बढ़ गया था।

close

Hello 👋
Sign up here to receive regular updates from MaiBihar.Com

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.