प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ससंदीय क्षेत्र वाराणसी में जनसभा के साथ कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा 2022 विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगीं। कांग्रेस ने इसके लिए10 अक्टूबर को वाराणसी के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा का आयोजन किया है। रैली में प्रियंका कांग्रेस की ‘चुनावी प्रतिज्ञा’ का ऐलान करेंगी।
इस बीच कांग्रेस को लगातार झटका लग रहा है। पिछले कुछ महीनों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है। चार पीढ़ी के कांग्रेसी और उप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष ललितेशपति त्रिपाठी ने पिछले दिनों पार्टी छोड़ी है। शुक्रवार को प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी और जालौन से विधायक रहे विनोद चतुर्वेदी कांग्रेस छोड़ कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। हालांकि कांग्रेस इन नेताओं के पार्टी छोड़ने पर गौर न फरमाकर अपने कार्यों पर ध्यान लगाए हुए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता जावेद अहमद खान ने बताया, सभा की तैयारी शुरू हो गई है। रैली में भाजपा की नाकामियां और उप्र की 32 वर्षों बदहाली मुख्य मुद्दा रहने वाली है। वहीं, प्रियंका अब हफ्ते में पांच दिन लखनऊ में रहकर चुनावी तैयारियों पर नजर रखेंगी। वह सोमवार से शुक्रवार तक लखनऊ रहेंगी। पार्टी करीब 100 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची नवंबर के पहले हफ्ते तक जारी करेगी। वाराणसी की सभा के बाद पार्टी 17 अक्टूबर से राज्य में ‘प्रतिज्ञा यात्रा’ शुरू करेगी। चार प्रतिज्ञा यात्रा निकलेंगी। हर यात्रा के पहले प्रियंका की सभा होगी।