Published on October 7, 2021 10:01 pm by MaiBihar Media
भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस राष्ट्रीय कार्यसमिति में 80 सदस्य बनाए गए हैं। इसके अलावा 50 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं जबकि 179 स्थायी (पदेन) सदस्यों को शामिल किया गया है। बिहार से 20 लोगों को और बिहार से जुड़े 5 लोगों को स्थान दिया गया है। पदेन सदस्यों में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधानसभा व विधानपरिषद में दल के नेता, पूर्व सीएम, पूर्व उपमुख्यमंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय मोर्चा के अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी-सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय व प्रदेश संगठन महामंत्री शामिल किया गया है।
नई टीम में शामलि हैं ये दिग्गज
नई टीम में बिहार से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सांसद रविशंकर प्रसाद और विधायक भागीरथी देवी को जगह मिली है। जबकि, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद गोपालजी ठाकुर, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार और नंदकिशोर यादव को राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
बिहार से पदने सदस्यों में उपमुख्यमंत्री के रूप में तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, यूपी प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह, यूपी के सह प्रभारी संजीव चौरसिया, छत्तीसगढ़ के प्रभारी नितिन नवीन, राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख़, शाहनवाज हुसैन, राजीव प्रताप रुड़ी व गुरु प्रकाश पासवान, बिहार विधानपरिषद में दल के नेता नवल यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री (बिहार-झारखंड) नागेंद्रजी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया भी शामिल हैं।
इसके अलावा बिहार के प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी, सह प्रभारी अनुपम हाजरा भी सदस्य बनाये गए हैं। दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी को भी इसमें स्थान दिया गया है।