Published on September 15, 2022 1:20 pm by MaiBihar Media
मैं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के कहने पर मंत्री बना हूं। यही हमारे नेता हैं। मैं खूंटा ठोक कर कृषि विभाग को चलाऊंगा। मीडिया से बात करते हुए मंत्री सुधाकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार को विकास के रास्ते पर ले जाना चाहते हैं और मैं भी वही चाहता हूं। इसमें क्या दिक्कत है। इस सरकार की मार से कोई नहीं बचा। मो. शहाबुद्दीन जेल में ही मर गए। जार्ज फर्नांडिस, दिग्विजय सिंह, आनंद मोहन ने भी परेशानी झेली। मैंने भी झेला है। चार महीने जेल में रहा हूं।
मंत्री सुधाकर सिंह ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने अपनी बात रख दी है। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं जब सवाल किया गया कि आपके इस्तीफे की चर्चा हो रही है तो मंत्री ने कहा कि मैं राजद का कार्यकर्ता हूं। अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की इच्छा से मंत्री पद पर हूं। उन्हें लगेगा कि मुझसे ज्यादा काबिल कोई है तो उन्हें मेरी जगह भेज दिया जाएगा। पार्टी तय करेगी मैं पार्टी में काम करने के लिए ज्यादा जरूरी हूं या मंत्री पद पर? पार्टी इन दोनों के लायक नहीं समझेगी तो स्टडी लीव पर जाएंगे।
हमारे दो इश्यू है इसे ठीक करें
कृषि मंत्री ने कहा कि हमारे दो इश्यू हैं। पहला बिहार में मंडी कानून चाहिए। दूसरा, धान-चावल खरीद में गड़बड़ी ठीक करने के लिए सिंगल एजेंसी की मोनोपॉली खत्म हो। किसानों के लिए कृषि रोड मैप का भी फायदा तभी होगा।