Published on August 24, 2021 4:13 pm by MaiBihar Media

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा से विचलित करने वाली खबर सामने आई है। जहां बताया जा रहा है कि डोली में गई दुल्हन जब अपने मायके थैले में लौट रही थी तो इलाका मातमी सन्नाटा में तब्दील हो गया। दरअसल, नालंदा के बिहारशरीफ में दहेज के लिए नवविवाहिता की पहले हत्या की गई। फिर दरिंदों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए कुदाल से शव को 12 टुकड़ों में काट डाला। शव को जलाने का प्रयास किया। बाद में घर से करीब 400 मीटर दूर टुकड़ों में बंटे शव को जमीन में दफन कर दिया। लड़की के पिता की खोजबीन के बाद खुलासा हुआ और मौके पर पहुंची पुलिस ने जमीन से गाड़े गए शव को टुकड़ों में बरामद किया है। जानकारी है कि महिला गर्भवती थी, उसकी शादी पिछले साल 27 जून को हुई थी। 

गौरतलब हो कि दिल दहला देने वाली यह घटना बिहार के नालंदा जिला स्थित हिलसा थाना क्षेत्र के नोनिया विगहा गांव की है। जहां ससुराल वालों ने दहेज न मिलने पर अपनी गर्भवती बहू को मार डाला। खुलासा तब हुआ जब परिजनों को जानकारी मिली कि उनकी बेटी ससुराल में नहीं है और उसका मोबाइल भी बंद बता रहा है। परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई तो बेटी काजल की खोजबीन शुरु की गई। परिजनों ने पुलिस के सहयोग से कई दिनों तक काफी खोजबीन की। इस दौरान हिलसा के नोनिया विगहा के एक खेत में ही जमीन में दफनाया हुआ शव कई टुकड़ों में बरामद किया गया। घटनास्थल से काजल के शव को पेट्रोल छिड़कर जला देने के भी निशान मिले हैं। 

यह भी पढ़ें   पैसे की लेन-देन में सीवान के युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को कई टुकड़ों में काटा

बता दें कि पटना जिले के सलिमपुर निवासी अरविंद सिंह की पुत्री काजल कुमारी की शादी हिलसा स्थित नोनिया विगहा निवासी जगत प्रसाद के पुत्र संजीत कुमार के साथ 27 जून 2020 को हुई थी। शादी के वक्त संजीत कुमार रेलवे में ग्रुप डी के पद पर कार्यरत थे। उनका हाल में ही टीटीई के पद पर प्रमोशन हुआ था। संजीत का प्रमोशन होते ही दहेज के रुप में चार लाख की और मांग की जाने लगी। मृतका के परिजनों ने बताया की इसी साल फरवरी में 80 हजार रुपये दे दिए थे। फिर भी और राशि न देने पर संजीत कुमार ने ही अपने परिजनों के साथ मिलकर पांच महिने की गर्भवती पत्नी काजल की हत्या कर दी। 

फिलहाल मामले की तफ्तीश के लिए पहुंचे थानाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह ने बताया कि मृतका के पिता अरविंद सिंह ने पति संजीत कुमार समेत कुल 5 लोगों पर बेरहमी से काजल की हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। तथा सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें   महिला सिपाही के प्रेमी को परिजनों ने जमकर पीटा, मामला पहुंचा थाने
close

Hello 👋
Sign up here to receive regular updates from MaiBihar.Com

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.