Published on August 24, 2021 4:12 pm by MaiBihar Media
जमुई से प्रेमी जोड़े को जलाकर जान से मारने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े को पकड़ने के बाद पहले पेड़ से बांधा और जमकर उनकी पिटाई की। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा उन दोनों को जलाकर मारने का भी प्रयास किया गया। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी जोड़े की जान बचाई। फिलहाल प्रेमी जोड़े की पहचान कर ली गई है। पूरा मामला जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के हरमा पहाड़ी गांव की घटना है।
प्रेमी जोड़े को थाने ले गई पुलिस, घर वाले फरार
मिली जानकारी के मुताबिक जमुई के हरमा पहाड़ी गांव में शुक्रवार की सुबह चार बच्चे की मां अपने प्रेमी संग भाग गई। हालांकि, कुछ देर बाद ही महिला के स्वजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें पकड़ लिया। फिर क्या, कानून को ताक पर रख उन दोनों को सजा देने का कार्य ग्रामीणों ने अपने हाथों में ले लिया और उनकी पहले पिटाई की। इस दौरान प्रेमी जोड़े को जान से मार डालने की भी कोशिश की गई। लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी मिली और पुलिस ने फौरन घटना स्थल पर पहुंच कर दोनों को छुड़ाया। वहीं, पुलिस को देख ग्रामीण वहां से निकलते बनें और घर वाले भी फरार हो गए। जबकि पुलिस प्रेमी जोड़े को थाना ले गई।
आवेदन मिलने पर आगे की होगी कार्रवाई
मौके पर दलबल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पंडित ने बातया कि पेड़ से बंधी महिला और उसके प्रेमी को छुड़ाया लिया गया। प्रेमी जोड़े की पहचान हरमा पहाड़ी निवासी पिंटू तुरी की पत्नी गिरिजा देवी और रंजीत दास के रुप में की गई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। इस बाबत थाना अध्यक्ष ने कहा कि मृत्युंजय कुमार पंडित ने बताया कि प्रेमी जोड़े का इलाज कराया जा रहा है। मामले में आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।