Published on May 8, 2022 12:51 pm by MaiBihar Media
झारखंड कैडर की आईएएस पूजा सिंघल और उनके सहयोगियों के पांच राज्यों में 25 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी खत्म हो गई। आपको बता दें कि शुक्रवार को हुई छापेमारी में 19.31 करोड़ नकदी और 150 करोड़ रु. की संपत्ति के दस्तावेज मिले। शनिवार सुबह ईडी ने पूजा सिंघल के चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन कुमार सिंह अपने हिरासत में लिया। दूसरे दिन की जांच में ईडी को 20 से अधिक शेल कंपनियों के बारे में जानकारी मिली है, जिसके माध्यम से पैसे खपाए जा रहे थे। इनकी जांच जारी है। शेल कंपनियों का खुलासा होने के बाद बंगाल के दंपती रौनक अग्रवाल व प्राची अग्रवाल ईडी के निशाने पर हैं।
पूजा के ससुरालवालों का दावा- तीन साल से सीए से कोई संबंध नहीं
पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के परिजनों का दावा है कि पिछले तीन साल से सीए सुमन कुमार से किसी तरह का संबंध नहीं है। सीए के यहां से जो कैश बरामद हुआ है, वह सीए ही बता सकता है कि किसका है। अभिषेक झा के पल्स हॉस्पिटल का लेखा-जोखा शर्मा एंड एसोसिएट के जिम्मे है। रांची में पल्स हॉस्पिटल खोलने के समय सुमन कुमार से अभिषेक का संबंध था। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि ईडी की छापेमारी के दौरान एक बोरा कागजात ले जाने की बात निरर्थक है।