Published on September 19, 2021 12:56 pm by MaiBihar Media
बिहार में लोजपा (चिराग गुट) में बड़ी टूट होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि चाचा पशुपति के द्वारा झटका देने के बाद चिराग पासवान को फिर से बड़ा झटका लगा है। इस बार लोजपा (LJP) से पूर्व विधानपार्षद और पार्टी के बड़े नेता विनोद सिंह ने लोजपा छोड़ दी है। जिसमें से पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद सिंह जदयू में शामिल होंगे। बता दें कि विनोद सिंह अगर जदयू का दामन थामते हैं तो यह उनकी घर वापसी होगी।
आयोजित होगा मिलने समारोह
खबर है कि सोमवार को तीन बजे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के समक्ष वे पार्टी की सदस्यता भी लेंगे। उनके साथ बड़ी संख्या में लोजपा के नेता व कार्यकर्ता भी जदयू में शामिल होंगे। मिलन समारोह में जदयू के बड़े नेता भी शामिल हो सकते हैं। बता दें कि हाल ही में चिराग पासवान के चाचा पशुपति कुमार पारस समेत पांच सांसदों और बड़े नेताओं ने लोजपा पर दावा करते हुए चिराग को पार्टी से अलग कर दिया था। हालांकि चिराग अब भी खुद को असली उत्तराधिकारी बताने से नहीं थकते हैं।
मधुबनी जिलाध्यक्ष ने भी छोड़ा साथ
गौरतलब हो कि इस खबर के आते ही विनोद सिंह को मनाने की कोशिश लोजपा द्वारा शुरु हो गयी है। देर, रात तक लोजपा नेताओं द्वारा उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि वो लोजपा छोड़ने पर अड़े हैं। उधर, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी से नाराज मधुबनी जिलाध्यक्ष बचनू मंडल ने भी लोजपा की सदस्यता छोड़ दी है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के समर्पित सिपाही की तरह दिन-रात काम करते हैं, फिर भी प्रदेश नेतृत्व द्वारा उनकी लगातार उपेक्षा ही की जाती रही है।